
रतलाम। शहर में अकीदत और रूहानियत का संगम होने जा रहा है। हज़रत दादा गुलाब शाह वली (रे.अ.) का 20वां सालाना उर्स मुबारक आगामी 5 अप्रैल से पूरी शानो-शौकत के साथ शुरू होगा। चार दिवसीय इस उर्स में धार्मिक रस्मों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के कव्वाल अपनी प्रस्तुति देंगे।
उर्स कमेटी के सदर अज्जु भाई शैरानी ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उर्स के दौरान लंगर-ए-आम (विशाल भंडारा) का भी विशेष आयोजन रखा गया है।
उर्स का पूरा कार्यक्रम:
- 5 अप्रैल (इतवार): दोपहर 2 बजे से कुरआन ख्वानी और परचम कुशाई की रस्म अदा की जाएगी।
- 6 अप्रैल (पीर): दोपहर 3 बजे छोटे शहजादा गादी शरीफ भूता बाजार से चादर शरीफ का जुलूस निकाला जाएगा, जो आस्ताने औलिया पर पेश की जाएगी।
- 7 अप्रैल (मंगल): रात 9 बजे से भव्य कव्वाली का आयोजन होगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय कव्वाल नुसरत कादरी (कपासन) अपने सूफियाने कलाम पेश करेंगे।
- 8 अप्रैल (बुध): सुबह 11 बजे रंग व कुल की फातेहा होगी। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारा (लंगर-ए-आम) शुरू होगा, जो जायरीन के आने तक अनवरत जारी रहेगा।
प्रसिद्ध शख्सियतों की मौजूदगी
इस रूहानी आयोजन में पीरे तरीकत अल्हाज सय्यद हमीद मियां चिश्ती (गादी नशीन-अजमेर शरीफ), श्री 108 श्री गिरनारी बापूजी महाराज, और तौसीफ मियां चिश्ती सहित कई गणमान्य धर्मगुरु और खादिम शिरकत करेंगे।
नगर निगम की नायब सदर पार्षद यास्मीन शैरानी सहित कमेटी के सदस्य अख्तर हुसैन, जिशान खान, फैजान खान, और निज़ाम पहलवान व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। कमेटी ने सभी अकीदतमंदों से उर्स की रस्मों और लंगर में शामिल होने की अपील की है।
