
रतलाम। रतलाम के मंडी व्यापार जगत को आज गहरा आघात लगा है। वरिष्ठ व्यापारी, पूर्व मंडी डायरेक्टर एवं रतलाम मंडी व्यापारी संघ के पूर्व अध्यक्ष विनोद पावेचा (लाला सेठ) का आकस्मिक निधन हो गया है। वे स्वर्गीय शांतिलाल जी पावेचा के सुपुत्र थे। उनके असामयिक निधन की खबर फैलते ही संपूर्ण व्यापारिक जगत और नगर में शोक की लहर दौड़ गई।
त्रिवेणी मुक्तिधाम में हुआ अंतिम संस्कार
स्वर्गीय विनोद पावेचा की अंतिम यात्रा उनके निवास स्थान ‘सेठ जी का बाजार’ से प्रारंभ होकर त्रिवेणी मुक्तिधाम पहुंची, जहां उनके सुपुत्रों पवन, पुनीत एवं मोक्ष ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में शहर के गणमान्य नागरिक, समाजजन और बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए तथा अश्रुपूरित आंखों से लाला सेठ को अंतिम विदाई दी।
व्यापारियों के हितों के लिए सदैव तत्पर रहे लाला सेठ
विनोद जी पावेचा (लाला सेठ) की पहचान मंडी व्यापार जगत में एक निडर और संघर्षशील नेता की रही। वे सदैव व्यापारियों के हक और समस्याओं के समाधान के लिए अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे। मंडी व्यापारियों के कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए दिया गया उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनके चले जाने से व्यापार जगत ने अपना एक सच्चा साथी और संरक्षक खो दिया है।
श्रद्धांजलि सभा में उमड़े गणमान्यजन
मुक्तिधाम पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने उन्हें “मंडी व्यापार जगत का चमकता सितारा” बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा में ‘दी ग्रेन सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन’ के अध्यक्ष सुरेंद्र चत्तर, रतलाम मंडी व्यापारी संघ के अध्यक्ष राकेश लाठी, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष बाबूलाल राठी, सय्यद ग्रुप के मुख्तियार अली, भाजपा नेता व पूर्व मंडी डायरेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी, विनोद मुणत, कांतिलाल चोपड़ा, कैलाश मालपानी, दिलीप मेहता, रितेश बाफना, हितेश बाफना, प्रकाश सेठिया, हितेश पारख, नीलेश बाफना सहित अनेक गणमान्यजनों ने अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का संचालन कांतिलाल खंडेलवाल ने किया।
