
रतलाम: आगामी धनतेरस पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। शनिवार को कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया और पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री अमित कुमार ने माणक चौक स्थित प्रसिद्ध श्री महालक्ष्मी मंदिर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया ने धनतेरस पर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, पेयजल, साफ-सफाई और सुगम दर्शन व्यवस्था को लेकर नगर निगम व प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि पर्व के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों पर श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
वहीं, एसपी श्री अमित कुमार ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से मंदिर परिसर, प्रवेश व निकास द्वार तथा आसपास के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। एसपी ने भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट), ट्रैफिक डायवर्जन और पुलिस बल की तैनाती को लेकर अधिकारियों को जरूरी हिदायतें दीं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में दर्शन कर सकें।
गौरतलब है कि धनतेरस के पावन अवसर पर माणक चौक स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में भक्तों का तांता लगता है और मंदिर को नोटों व आभूषणों से भव्य रूप से सजाया जाता है। इसी के मद्देनजर प्रशासन व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने में जुटा है।
