
रतलाम। शहर के सैलाना रोड स्थित साईं मंदिर में आयोजित विशाल भंडारे के दौरान गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोगों ने एक श्रद्धालु पर सुनियोजित तरीके से हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल अभद्रता की, बल्कि पीड़ित की कार पर पत्थरों से हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित ने दो बत्ती थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
अलकापुरी निवासी सुनील शर्मा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वे वर्षों से साईं बाबा के भक्त हैं और गुरुवार (07/05/2026) को मंदिर में आयोजित भंडारे में सम्मिलित होने गए थे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद कुछ व्यक्तियों ने द्वेषवश उनके खिलाफ झूठी अफवाह फैलाई कि उन्होंने साईं बाबा के संबंध में अपमानजनक बातें कही हैं। इसी झूठे आरोप को आधार बनाकर 25-30 लोगों की उग्र भीड़ ने उन्हें घेर लिया।
जान बचाकर भागे पीड़ित, कार के कांच फोड़े
सुनील शर्मा के अनुसार, भीड़ ने उन पर जानलेवा हमले का प्रयास किया। जब उन्होंने अपनी बलेनो कार (MP43CB1598) से वहां से निकलने की कोशिश की, तो उग्र भीड़ ने बड़े पत्थरों से वाहन पर हमला कर दिया। हमले में कार का अगला कांच (विंडशील्ड), हेडलाइट्स, बंपर, चारों दरवाजे और छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पीड़ित का कहना है कि यदि वे समय रहते वहां से नहीं निकलते, तो भीड़ उनकी हत्या भी कर सकती थी।
इन लोगों पर लगा उकसाने का आरोप
पीड़ित ने अपने आवेदन में मुख्य रूप से तीन लोगों और उनके साथ मौजूद भीड़ को इस हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराया है:
शैलेंद्र सोनी
अनिल सिसोडिया
संदीप कोलंबीकर एवं उनका लड़का
कानूनी कार्रवाई की मांग
सुनील शर्मा ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इन व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत हत्या का प्रयास, मारपीट, आपराधिक षड्यंत्र और संपत्ति को नुकसान पहुँचाने का मामला दर्ज किया जाए। साथ ही, उन्होंने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
