आवास तो मिला पर पानी कहाँ?” रतलाम के डोसी गांव फोरलेन पर रहवासियों का हल्लाबोल, आश्वासन के बाद खुला जाम।


रतलाम। बुनियादी समस्याओं को लेकर जनता का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा है। रतलाम के समीपस्थ डोसी गांव के पास से गुजरने वाले फोरलेन मार्ग पर रविवार को रहवासियों ने चक्काजाम कर दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) कॉलोनी में पिछले काफी समय से जारी पानी के गंभीर संकट से परेशान ग्रामीणों और महिलाओं के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग सड़क पर उतर आए, जिससे फोरलेन पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।


​डोसी गांव फोरलेन पर लगा लंबा जाम


​मिली जानकारी के अनुसार, डोसी गांव के पास स्थित इस फोरलेन मार्ग पर जब ग्रामीण खाली बर्तन लेकर बीच सड़क पर बैठे, तो देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। रहवासियों का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पेयजल की आपूर्ति ठप पड़ी है। स्थानीय प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।


​इस तपती गर्मी में जब पानी का कोई इंतजाम नहीं हुआ, तो आक्रोशित महिलाएं और पुरुष डोसी गांव के इसी फोरलेन पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


​मौके पर पहुंचा प्रशासनिक अमला, आश्वासन के बाद खुला जाम


​व्यस्त फोरलेन मार्ग पर चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआत में ग्रामीण मौके पर ही समस्या के स्थाई समाधान की मांग को लेकर अड़े रहे।
​ग्रामीणों का कहना है: “हमे आवास तो मिल गए, लेकिन पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए तरसना पड़ रहा है। इस भीषण गर्मी में बिना पानी के रहना असंभव हो चुका है।”


​अधिकारियों द्वारा मौके पर ही टैंकरों के माध्यम से तुरंत पानी की सप्लाई शुरू करवाने और जल्द ही तकनीकी कमियों को दूर कर स्थाई हल निकालने का ठोस आश्वासन दिया गया। प्रशासन की समझाइश और त्वरित व्यवस्था के भरोसे के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया, जिसके बाद फोरलेन पर यातायात दोबारा बहाल हो सका।

Website Design by

KAMAKSHI WEB

Contact : 9753910111

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!