
बड़नगर। श्री पीपली वाले हनुमान मंदिर, सियाराम आश्रम में परम पूज्य महंत मंडलेश्वर श्री 1008 अमृत दास जी महाराज त्यागी के पावन सान्निध्य में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्री राम मारुति पंचदिवसीय महायज्ञ का भव्य आयोजन शुरू हो गया है। महायज्ञ के अंतर्गत गंगा दशमी का पावन पर्व पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के साथ मनाया जा रहा है।
बड़नगर की पहचान बन चुके इस आयोजन में हिस्सा लेने के लिए देशभर से साधु-संतों का आगमन हुआ है। इसी कड़ी में अयोध्या से पूज्य बाबा नंदराम दास जी महाराज, प्रयागराज से बाबा रणछोड़ दास जी महाराज सहित सांभर (जयपुर) और देश के विभिन्न प्रांतों से संत-महात्मा सियाराम आश्रम पहुंचे हैं। ज्येष्ठ मास की इस प्रचंड गर्मी और तपती दोपहरी में भी ये संतजन धूनी रमाकर कठिन तपस्या और साधना में लीन हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए गहरी आस्था और प्रेरणा का केंद्र बना हुआ है।
महायज्ञ और संतों के आगमन से समूचा बड़नगर क्षेत्र भक्तिमय माहौल से सराबोर है। इस धार्मिक महाकुंभ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं।
