
रिपोर्ट: नितिन पंड्या
बड़नगर। उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान क्रेन से 40 फीट ऊपर गाड़ी लटकाकर धमाका करने वाले मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर जानलेवा स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई बड़नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
वीडियो वायरल होते ही एक्शन में आई पुलिस
अडान मोहल्ले में मोहर्रम जुलूस के दौरान टाटा मैजिक वैन को क्रेन की मदद से हवा में लटकाकर बारूदी ब्लास्ट किया गया था। इस दौरान गाड़ी पर ‘ले फिर आ गए’ लिखा था और युवक उस पर चढ़कर झंडे लहरा रहे थे। इस खतरनाक कृत्य का वीडियो सामने आते ही सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को चिह्नित कर तीन मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है।
क्रेन मालिक और आयोजकों पर भी शिकंजा
गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस इस मामले की तह तक जाने में जुटी है। घटना में इस्तेमाल की गई क्रेन के मालिक और जुलूस के आयोजकों को भी पुलिस ने रडार पर लिया है। उनसे थाने में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही और खतरनाक स्टंट की अनुमति किसने दी थी।
बाईट: “कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं” – थाना प्रभारी
कमलेश सिंगर (थाना प्रभारी, बड़नगर):
“धार्मिक आयोजनों और त्योहारों की आड़ में सार्वजनिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस खतरनाक स्टंट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य संदिधों से पूछताछ जारी है। सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी ही सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस की आमजन से अपील
बड़नगर पुलिस ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि वे सभी धार्मिक आयोजनों और त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की जोखिमपूर्ण या स्टंट जैसी गतिविधियों से दूर रहें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या जनहानि से बचा जा सके। पुलिस ने साफ किया है कि हुड़दंग या खतरनाक स्टंट करने वालों पर उनकी पैनी नजर है।
