
रिपोर्ट: नितिन पंड्या
महिदपुर। उज्जैन जिले के महिदपुर रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम डेलचीबुजुर्ग में एक जमीन विवाद ने बेहद गंभीर रूप ले लिया है। यहाँ एक पीड़ित किसान परिवार ने पूर्व विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी, गुर नेस्ट बस सर्विस के संचालक और जिला पंचायत सदस्य के पुत्र प्रताप सिंह गुर पर खेत पर आकर पिस्टल तानने तथा जान से मारने की धमकी देने का बेहद गंभीर आरोप लगाया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसमें आरोपी के हाथ में कथित तौर पर पिस्टल जैसी वस्तु दिखाई दे रही है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
फरियादी संदीप सेन (पिता दिनेश जी सेन, निवासी ग्राम डेलचीबुजुर्ग) द्वारा महिदपुर रोड थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, यह पूरी घटना 18 जून की शाम की है। संदीप अपने भाई गोविंद सेन के साथ अपने खेत पर मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान प्रताप सिंह गुर अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे और जेसीबी (JCB) मशीन से जबरन खुदाई कार्य शुरू करवा दिया।
जब किसान परिवार ने अपनी जमीन पर इस अवैध खुदाई का विरोध किया, तो विवाद अत्यधिक बढ़ गया। पीड़ित का आरोप है कि विरोध से तैश में आकर प्रताप सिंह गुर ने अपनी जेब से पिस्टल निकाल ली और किसान परिवार की तरफ तानते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। मौके पर हंगामा और शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग और परिवार के अन्य सदस्य भी वहां एकत्रित हो गए, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।
पटवारी द्वारा पहले ही हो चुका है सीमांकन
इस मामले में पीड़ित परिवार का पक्ष बेहद मजबूत नजर आ रहा है, क्योंकि विवादित भूमि का शासकीय तौर पर पहले ही निपटारा किया जा चुका है। सामने आए राजस्व विभाग के दस्तावेजों (सीमांकन प्रतिवेदन) के अनुसार, कार्यालय पटवारी हल्का नंबर 16, रा.नि.वृत्त गोगापुर, तहसील महिदपुर द्वारा इस जमीन की विधिवत नाप-जोख की जा चुकी है। 11 मई 2026 को मौजा पटवारी और ग्राम पंचों की मौजूदगी में दोनों पक्षों की मौजूदगी में सीमाएं तय कर पत्थर भी गड़वा दिए गए थे। पीड़ित परिवार का कहना है कि जब सीमांकन रिपोर्ट के तहत सीमाएं तय थीं, तो उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की नीयत से यह खुदाई और डराने-धमकाने का कृत्य किया गया।
पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच जारी
महिदपुर रोड थाना प्रभारी रामसिंह बामोर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि फरियादी संदीप सेन की शिकायत के आधार पर आरोपी प्रताप सिंह गुर के खिलाफ कानूनी धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने घटना से जुड़े वायरल वीडियो, फोटो और राजस्व विभाग के सीमांकन दस्तावेजों को भी संज्ञान में लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की पूरी निष्पक्षता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद से क्षेत्र के किसानों में रोष व्याप्त है और उन्होंने पुलिस प्रशासन से पीड़ित किसान परिवार को सुरक्षा प्रदान करने तथा रसूखदार आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
