इंगोरिया पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान: बलेडी स्कूल में छात्रों को दिए ठगी से बचने के टिप्स


​बड़नगर | नितिन पंड्या:
साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा के निर्देशन में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में इंगोरिया पुलिस ने शुक्रवार को ग्राम बलेडी स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में एक महत्वपूर्ण साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।कार्यक्रम में थाना प्रभारी दीपेश व्यास और पुलिस टीम ने स्कूल पहुंचकर छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम और ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया।


​लोन, लॉटरी और फर्जी कॉल से रहें सावधान: थाना प्रभारी


​थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आजकल फोन पर कम ब्याज में लोन, लॉटरी लगना, केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर ठगी की जा रही है। इसके अलावा फर्जी पुलिस या कस्टम अधिकारी बनकर डराने और पैसे ऐंठने की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं।


​उन्होंने बच्चों को सुरक्षा के मूल मंत्र देते हुए कहा:


​किसी भी अंजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर कभी क्लिक न करें।
​अपने परिवार या स्वयं का OTP, बैंक डिटेल, या किसी भी प्रकार के सरकारी पहचान पत्र की जानकारी किसी से साझा न करें।
​कोई भी संदिग्ध कॉल या संदेश आने पर घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में इसकी सूचना दें।


​सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव


​इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक धर्मेंद्र पंड्या ने भी बच्चों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और साइबर सुरक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराधियों से बचने का सबसे बड़ा हथियार है।
​कार्यक्रम के दौरान स्कूल का अन्य शिक्षक स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पुलिस टीम द्वारा बच्चों को जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर सुरक्षा से जुड़े मार्गदर्शक पम्पलेट भी वितरित किए गए।

Website Design by

KAMAKSHI WEB

Contact : 9753910111

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!