रतलाम जिला अस्पताल में हंगामा: मरीज के परिजन ने ऑर्थोपेडिक सर्जन से की मारपीट, आरोपी आसिफ गिरफ्तार


​रतलाम। जिला चिकित्सालय में उस समय हड़कंप मच गया जब ओपीडी में मरीजों का परीक्षण कर रहे एक सीनियर डॉक्टर पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना शुक्रवार सुबह की है, जहां ड्यूटी पर तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ (ऑर्थोपेडिक सर्जन) डॉ. दिनेश भूरिया के साथ एक मरीज के परिजन ने अभद्रता करते हुए सरेआम मारपीट कर दी। इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


​क्या है पूरा मामला?


​मिली जानकारी के अनुसार, चिंगीपुरा निवासी आसिफ पिता रशीद अपनी छोटी बच्ची को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आया था। उसका दावा था कि कपड़े बदलते समय बच्ची के हाथ की हड्डी क्रैक हो गई है। जब डॉ. दिनेश भूरिया ने बच्ची का बारीकी से परीक्षण किया, तो उन्होंने पाया कि हड्डी में कोई क्रैक नहीं है, बल्कि सिर्फ सामान्य सूजन है। डॉक्टर ने परिजन को तसल्ली देते हुए समझाया कि कपड़े बदलने जैसी सामान्य प्रक्रिया से हड्डी क्रैक नहीं होती।


​सलाह सुनते ही तैश में आया आरोपी


​डॉक्टर की वैज्ञानिक और चिकित्सकीय सलाह सुनते ही आरोपी आसिफ अचानक भड़क गया। उसने डॉक्टर के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी ने देखते ही देखते डॉ. भूरिया पर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में डॉक्टर के गाल और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं।


​डॉक्टरों की एकजुटता, आरोपी पुलिस हिरासत में


​दिनदहाड़े अस्पताल परिसर में हुई इस गुंडागर्दी के विरोध में जिला चिकित्सालय के सभी डॉक्टर्स और मेडिकल स्टाफ एकजुट हो गए। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत काम बंद कर स्टेशन रोड थाने का रुख किया और शासकीय कार्य में बाधा डालने व मारपीट करने का मामला दर्ज कराया।


​पुलिस ने भी मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्परता दिखाई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आसिफ कुरैशी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि डॉक्टरों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।

Website Design by

KAMAKSHI WEB

Contact : 9753910111

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!