
रतलाम। शहर के करमदी रोड स्थित अमर वाटिका (पटेल सा. की बगीची, पुरानी फूल मंडी के पास) में आगामी 20 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक भव्य “गौ भक्ति महोत्सव” के अंतर्गत “गौ कृपा कथा एवं चमत्कारी गौ दिव्य दरबार” का भव्य आयोजन होने जा रहा है। कथा प्रवक्ता गौ क्रांतिकारी संत स्वामी गोशरणानन्द सरस्वती जी महाराज (माँ कामधेनु शक्तिपीठ सुजापुर, जावरा) होंगे।
गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत आयोजन
इस पूरी कथा का आयोजन ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसकी संरक्षक साक्षात माँ गौमाता और अध्यक्ष नंदी महाराज हैं। इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करवाना और गौवंश हत्या पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाना है। इसके लिए कथा स्थल पर एक विशाल हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा।
27 जुलाई को देशव्यापी आंदोलन और रतलाम में एकत्रीकरण
इस चरणबद्ध आंदोलन के तहत 27 जुलाई को पूरे भारतवर्ष में प्रत्येक जिला मुख्यालय पर महामहिम राष्ट्रपति एवं माननीय प्रधानमंत्री के नाम हिंदू समाज के हस्ताक्षर युक्त प्रार्थनापत्र सौंपे जाएंगे। रतलाम जिले में इस प्रार्थनापत्र को देने हेतु हिंदू समाज के एकत्रीकरण के लिए अमर वाटिका, संत रविदास चौक, करमदी रोड का चयन किया गया है। सभी हिंदू बंधु 27 जुलाई को प्रातः 9 बजे यहाँ एकत्रित होंगे।
दोपहर 1 बजे तक व्यापार-व्यवसाय बंद रखने का आह्वान
परम पूज्यनीय संतों, गौ सम्मान आह्वान अभियान समिति एवं समस्त हिंदू संगठनों द्वारा सकल गौभक्त हिंदू समाज से अपील की गई है कि गौसम्मान दिवस (27 जुलाई) के अवसर पर दोपहर 1:00 बजे तक अपने व्यापार-व्यवसाय स्वैच्छिक रूप से बंद रखें और गौसम्मान एवं गौरक्षा के लिए आयोजित इस महायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित हों।
महोत्सव के मुख्य आकर्षण:
भव्य कलश यात्रा: 20 जुलाई 2026, प्रातः 11:00 बजे (श्री गोपाल मंदिर से प्रारंभ)
कथा समय: 20 से 27 जुलाई, दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक
विशाल भंडारा: 20 जुलाई 2026, दोपहर 2:00 बजे से (स्थान: अमर वाटिका)
विशेष: कथा में पधारने वाले भक्तों को गौमाता के गव्य पदार्थों से निर्मित ‘सिद्ध यंत्र’ का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यूट्यूब चैनल (क्रांतिकारी गौ यात्रा) और फेसबुक (माँ कामधेनु शक्तिपीठ सुजापुर) पर भी देखा जा सकेगा।
