थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को मिलेगी नई जिंदगी: 1 अगस्त को मेडिकल कॉलेज में लगेगा ‘जीवन धारा शिविर’


​मेदांता, रेड क्रॉस और काकानी फाउंडेशन के सहयोग से होगा नि:शुल्क जांच एवं इलाज
​गुड़गांव के विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे जांच, चिन्हित बच्चों का होगा बोन मैरो ट्रांसप्लांट


रतलाम जिले में थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। आगामी 1 अगस्त को डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज, रतलाम में ‘जीवन धारा शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष शिविर में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की नि:शुल्क स्क्रीनिंग, उच्च स्तरीय जांच और उपचार सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।


​मेडिकल कॉलेज के डॉ. ध्रुवेंद्र पांडे ने बताया कि यह आयोजन मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मुथा के मार्गदर्शन में मेदांता फाउंडेशन, रेड क्रॉस सोसाइटी, काकानी फाउंडेशन एवं क्लिंटन फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।


​शिविर की मुख्य विशेषताएं एवं उपलब्ध सुविधाएं:


​बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन: शिविर के दौरान गुड़गांव से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की जांच की जाएगी। चिन्हित बच्चों का गुड़गांव के अस्पताल में बोन मैरो ट्रांसप्लांट कराया जाएगा।
​विशेषज्ञ सेवाएं: शिविर में शिशु रोग विशेषज्ञों द्वारा परामर्श और जेनेटिक काउंसलिंग (आनुवंशिक परामर्श) की सुविधा रहेगी।
​ऑन-स्पॉट शासकीय सुविधाएं: शिविर स्थल पर ही मरीजों के लिए आभा आईडी (ABHA ID) और थैलेसीमिया पीड़ितों के लिए दिव्यांगता (Disability) प्रमाण पत्र बनाने की विशेष व्यवस्था रहेगी।
​पैथोलॉजी जांचें: थैलेसीमिया से जुड़ी सभी उच्च स्तरीय और आवश्यक पैथोलॉजिकल जांचें नि:शुल्क की जाएंगी।


​डीन डॉ. अनीता मुथा की अपील


​मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मुथा ने रतलाम जिले एवं आसपास के थैलेसीमिया पीड़ित सभी बच्चों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे 1 अगस्त को आयोजित इस शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।

Website Design by

KAMAKSHI WEB

Contact : 9753910111

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!