
रतलाम। मध्यप्रदेश शासन द्वारा देर रात प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों की तबादला सूची जारी की गई। इसके तहत रतलाम जिले में प्रशासनिक कमान बदलते हुए 2012 बैच के आईएएस अधिकारी अजय कटेसरिया को रतलाम का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं रतलाम में पदस्थ कलेक्टर मिशा सिंह को शहडोल जिले का कलेक्टर बनाया गया है।
सख्त कार्यशैली और पारदर्शी प्रशासन के लिए जाने जाते हैं कटेसरिया
झारखंड के मूल निवासी और कॉमर्स स्नातक अजय कटेसरिया 2012 बैच के नियमित आईएएस अधिकारी हैं। इससे पूर्व वे सामान्य प्रशासन विभाग में अपर सचिव एवं मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) में निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इससे पूर्व वे सतना और शाजापुर जिले में भी कलेक्टर रह चुके हैं। सतना में अपने कार्यकाल के दौरान जनसुनवाई के जरिए आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने को लेकर उनकी विशेष पहचान रही है।
नवनियुक्त कलेक्टर के समक्ष मुख्य प्राथमिकताएं
रतलाम जिले का प्रभार संभालने के बाद नए कलेक्टर के सामने शहर एवं ग्रामीण अंचलों की प्रमुख विकास योजनाओं को गति देना, अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात सुधार तथा आमजन की शिकायतों का समय सीमा में निराकरण करना प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी।
