
रतलाम। स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग को लेकर डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) रतलाम के एमबीबीएस इंटर्न्स ने 1 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के पहले दिन इंटर्न्स ने ओपीडी, वार्ड और अन्य नियमित सेवाओं का बहिष्कार किया, हालांकि मरीजों की सुविधा के लिए फिलहाल आपातकालीन (कैज़ुअल्टी) सेवाएं जारी रखी गई हैं।
हड़ताली डॉक्टरों ने बताया कि स्टाइपेंड वृद्धि की मांग को लेकर 10 जुलाई को डीन, 17 जुलाई को परिसर में प्रदर्शन और 28 जुलाई को कलेक्टर के जरिए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया था। बावजूद इसके शासन-प्रशासन द्वारा कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिससे नाराज होकर उन्हें हड़ताल का कदम उठाना पड़ा।
2 अगस्त को ओपीडी गेट पर धरना
हड़ताल के दूसरे दिन यानी 2 अगस्त को सुबह 10 बजे से सभी इंटर्न्स मेडिकल कॉलेज के ओपीडी गेट के सामने एकजुट होकर शांतिपूर्ण धरना देंगे।
3 अगस्त तक निर्णय नहीं तो कैजुअल्टी सेवा भी ठप
इंटर्न्स ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 3 अगस्त तक उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया, तो 4 अगस्त से आपातकालीन सेवाओं का भी पूरी तरह से बहिष्कार किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने दोहराया कि उनका यह आंदोलन पूरी तरह से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक रहेगा।
