मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया: रतलाम में सिरफिरे पति ने की पत्नी की नृशंस हत्या, आरोपी पुलिस कस्टडी में


रतलाम। माणक चौक थाना क्षेत्र के सोनार बावड़ी इलाके में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पारिवारिक कलह के बीच एक पति ने अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात इतनी खौफनाक थी कि जिसने भी देखा, उसके रोंगटे खड़े हो गए।


​चीख सुनकर पहुंचे भाई और पड़ोसी


​जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे महिला की दर्दनाक चीख सुनकर उसका बड़ा भाई मुस्तफा आसपास के पड़ोसियों को लेकर तुरंत घर के अंदर पहुंचा। कमरे का नजारा बेहद भयावह था—32 वर्षीया रुकैया बिस्तर पर लहुलूहान हालत में पड़ी थी और उसका 35 वर्षीय पति असगर अली उस पर धारदार हथियार से हमला कर रहा था।


​जब वहां मौजूद लोगों और पड़ोसियों ने असगर को रोकने का प्रयास किया, तो वह उन पर भी हमलावर हो गया और आक्रामक रुख अपना लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने तुरंत बाहर निकलकर पुलिस को सूचना दी।


​पुलिस ने आरोपी को लिया कस्टडी में, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
​घटना की जानकारी मिलते ही माणक चौक थाना पुलिस और थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी असगर अली को मौके से ही हिरासत में ले लिया।


​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए FSL (फॉरेंसिक) टीम ने भी घटनास्थल का बारकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।


​दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया


​इस दिल दहला देने वाली वारदात ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है। मृतका रुकैया अपने पीछे 7 साल की मासूम बेटी और 2 साल के छोटे बेटे को छोड़ गई है। वारदात के बाद से ही क्षेत्र में सन्नाटा और तनाव का माहौल है, वहीं बोहरा समाज के कई लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।


​थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान के अनुसार:


“घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही हत्या के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।”

Website Design by

KAMAKSHI WEB

Contact : 9753910111

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!