
रतलाम। हिंदू देवी-देवताओं पर विवादित टिप्पणी करने वाले मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ रतलाम में बजरंग दल और हिंदू संगठनों का आक्रोश फूट पड़ा है। कांवड़ यात्रा के मार्ग पर कॉन्वेंट स्कूल के सामने मुख्य सड़क पर मौलाना जर्जिस अंसारी के पोस्टर चिपकाए गए, जिस पर ‘मुर्दाबाद-मुर्दाबाद’ लिखा हुआ था। इसके ऊपर से कांवड़ यात्रा निकाली गई और श्रद्धालुओं ने पोस्टरों को पैरों तले रौंदकर अपना विरोध दर्ज कराया।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में मौलाना जर्जिस अंसारी का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने भगवान ब्रह्मा और भगवान शिव को लेकर अमर्यादित व आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इस बयान के बाद से ही देशभर के हिंदू संगठनों और कांवड़ियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
सड़क पर बिछाए गए पोस्टर
रतलाम में कांवड़ यात्रा के दौरान कॉन्वेंट स्कूल के सामने बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जर्जिस अंसारी की तस्वीरों वाले पोस्टर सड़क पर चिपका दिए। कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्त और कांवड़िए इन पोस्टरों को पैरों से रौंदते हुए आगे बढ़े। कार्यकर्ताओं का कहना है कि हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विवादित बयानों से पुराना नाता
गौरतलब है कि मौलाना जर्जिस अंसारी अपने भड़काऊ और विवादित भाषणों को लेकर लगातार सुर्खियों में रहते हैं। इससे पहले भी भगवान श्रीकृष्ण पर विवादित टिप्पणी करने के आरोप में उन पर कानूनी कार्रवाई हो चुकी है। रतलाम में हुए इस अनोखे प्रदर्शन के जरिए हिंदू संगठनों ने आरोपी मौलाना पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
