
रतलाम। जिले के नवागत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के तुरंत बाद वे शहर के प्रसिद्ध मां कालिका माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना एवं आरती की। कलेक्टर ने मां कालिका से रतलाम जिले की सुख, शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास के लिए आशीर्वाद मांगा।
मंदिर परिसर में पुजारियों द्वारा नवागत कलेक्टर का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान श्री कटेसरिया ने जिलेवासियों के कल्याण और शासन की जनहितकारी योजनाओं के सफल कार्यान्वयन के लिए प्रार्थना की।
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
पूजा-अर्चना के दौरान जिला प्रशासन की पूरी टीम उनके साथ नजर आई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य विभागों के प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। पदभार ग्रहण करते ही कलेक्टर के धार्मिक स्थल पहुंचने और जिले की खुशहाली की प्रार्थना करने को लेकर प्रशासनिक और जनसामान्य के गलियारों में चर्चा बनी हुई है।
