
रतलाम। बी.कॉम. प्रथम वर्ष के घोषित परीक्षा परिणामों में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) रतलाम इकाई ने शासकीय स्वामी विवेकानन्द वाणिज्य महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। इसकी प्रतिलिपि एडीएम रतलाम और विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के कुलसचिव को भी भेजी गई है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर मंत्री केशव गुर्जर ने बताया कि कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कई छात्र-छात्राओं को बी.कॉम. प्रथम वर्ष में शून्य अंक दे दिए गए हैं या सप्लीमेंट्री घोषित कर दिया गया है। विद्यार्थियों का आरोप है कि मूल्यांकन प्रक्रिया में भारी लापरवाही हुई है।
एबीवीपी की प्रमुख मांगें:
निष्पक्ष जांच: परिणाम में हुई गड़बड़ी की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए।
पुनर्मूल्यांकन: प्रभावित विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं की री-चेकिंग / पुनर्मूल्यांकन (Revaluation) जल्द हो।
संशोधित परिणाम: मूल्यांकन में त्रुटि पाए जाने पर तत्काल सुधार कर संशोधित रिजल्ट जारी किए जाएं।
दोषियों पर कार्रवाई: भविष्य में ऐसी गड़बड़ी रोकने के लिए प्रक्रिया पारदर्शी बनाई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि यदि विद्यार्थियों के हित में जल्द और संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई, तो परिषद चरणबद्ध एवं उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन एवं विक्रम विश्वविद्यालय की होगी।
