48 घंटे में पर्दाफाश: रतलाम पुलिस ने सुलझाई 5.5 करोड़ की सोने-चांदी की लूट, 6 आरोपी गिरफ्तार


​रतलाम। पुलिस ने बिलपांक थाना क्षेत्र में एक सराफा व्यापारी से हुई करोड़ों रुपए की लूट का 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 2 आरोपी अभी भी फरार हैं। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया गया है, जिसकी कुल कीमत लगभग ₹5.5 करोड़ आंकी गई है।


​बस में वारदात को दिया था अंजाम


13 अगस्त 2026 की रात रतलाम के चांदनी चौक निवासी सराफा व्यापारी अर्पित चोरड़िया बड़नगर से व्यापार निपटाकर बस द्वारा रतलाम लौट रहे थे। रास्ते में उमरथाना फंटा के पास बस में सवार बदमाशों ने उनके साथ मारपीट कर गहनों और नकदी से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। शिकायत मिलते ही बिलपांक थाने में धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


​300 CCTV और साइबर टीम से मिली सफलता


उज्जैन जोन एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी निमिष अग्रवाल और एसपी अमित कुमार के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने बड़नगर से लेकर रतलाम तक के रास्तों पर 300 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और साइबर सेल की मदद से डिजिटल साक्ष्य जुटाए।


​15 अगस्त को मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी कर 6 संदिग्धों को दबोच लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।


​बरामदगी:


​सोना: 238 नग (वजन 4.167 किलोग्राम) — अनुमानित कीमत ₹5.32 करोड़
​चांदी: 183 नग (वजन 4.047 किलोग्राम) — अनुमानित कीमत ₹9 लाख


​गिरफ्तार व फरार आरोपी:


पुलिस ने राहुल गुर्जर, अभिजीत गुर्जर, यशवंत गुर्जर, राहुल उर्फ वीर गुर्जर, रवि गुर्जर और मोहम्मद उमर को गिरफ्तार किया है। वहीं, रोहित नायक (रतलाम) और गौरव गुर्जर (इंदौर) फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।


​आईजी और एसपी रतलाम ने इस बड़ी सफलता पर पूरी पुलिस व साइबर टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Website Design by

KAMAKSHI WEB

Contact : 9753910111

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!