
माणक चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत अशोक नगर के पीछे स्थित ग्रीन सिटी के समीप ‘गंगा जरिया महादेव मंदिर’ परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला सामने आया है। मंदिर में विराजमान बजरंग बली की मूर्ति को खंडित कर गायब कर दिया गया, जिसके बाद क्षेत्र के लोगों और हिंदू हिंदू संगठनों में गहरा आक्रोश फैल गया है।
रविवार दोपहर खुला मामला, रास्ते में बिखरा मिला सिंदूर
स्थानीय निवासियों एवं श्रद्धालुओं के अनुसार, दो दिन पूर्व तक प्रतिमा मंदिर परिसर में यथास्थान स्थापित थी। रविवार दोपहर जब श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे, तो हनुमान जी की प्रतिमा अपने स्थान से नदारद मिली। पड़ताल करने पर मंदिर से कुछ दूरी पर रास्ते में सिंदूर बिखरा मिला और मंदिर की धर्मध्वजा भी नीचे गिरी पाई गई। आशंका जताई जा रही है कि असमाजिक तत्वों ने मूर्ति को खंडित कर पास में स्थित प्राचीन बावड़ी में फेंक दिया है।
सूचना मिलते ही अमला पहुंचा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौके पर एकत्र हो गए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) सत्येंद्र घनघोरिया, माणक चौक थाना प्रभारी विक्रम चौहान पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासनिक स्तर पर नायब तहसीलदार ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया।
प्रशासन के समक्ष उठाई गई प्रमुख मांगें:
सघन सर्च अभियान: मंदिर परिसर के पास स्थित बावड़ी और आसपास के इलाकों में गहन तलाशी अभियान चलाकर गायब मूर्ति की खोज की जाए।
बाउंड्री वॉल व सुरक्षा: मंदिर परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) का निर्माण कराया जाए, ताकि असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रोका जा सके।
कठोर कार्रवाई: इस नापाक हरकत को अंजाम देने वाले उपद्रवियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुनः प्राण-प्रतिष्ठा: ससम्मान नई प्रतिमा की स्थापना कराई जाए।
