
रतलाम। जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सिमरन सूर्यवंशी ने जनविश्वास अभियान के तहत मिली शिकायतों और शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर जिले की दो शिक्षिकाओं के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
ऑनलाइन उपस्थिति में फर्जीवाड़ा, वेतनवृद्धि पर रोक
शासकीय प्राथमिक विद्यालय बोरतलाई (विकासखंड पिपलौदा) की प्राथमिक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधान अध्यापक श्रीमती वर्षा राठौर नियमित रूप से स्कूल में अनुपस्थित रहती थीं, जबकि ‘शिक्षक एप’ के जरिए उनकी उपस्थिति दर्ज की जा रही थी। जांच के दौरान मिला स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत उनकी आगामी एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश जारी किए गए हैं।
लापरवाही पर प्राथमिक शिक्षक निलंबित
दूसरे मामले में, विकासखंड आलोट के शा.प्रा.वि. (ई.जी.एस) भोईखेड़ा में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक सुश्री समीना मुलतानी को अपने शासकीय कर्तव्यों के निर्वहन में घोर उदासीनता और लापरवाही बरतने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकास खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय आलोट निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार निलंबन भत्ता देय होगा।
