
रतलाम। भगवान बलराम जी के जन्म दिवस के शुभ अवसर पर धाकड़ समाज द्वारा शहर में एक विशाल और उत्साहपूर्ण ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ शामिल हुए, जिससे पूरा मार्ग भक्तिमय और ऊर्जावान नजर आया।
पोलो ग्राउंड से शुरू हुआ कारवां
ट्रैक्टरों पर सवार किसान भगवान बलराम जी की जय-जयकार करते हुए पोलो ग्राउंड से रवाना हुए। रैली शहर के प्रमुख मार्गों—सैलना बस स्टैंड और राम मंदिर होते हुए बड़बड़ स्थित विधायक सभागृह पहुंची। पूरे रास्ते भगवान बलराम जी के जयघोष से वातावरण गूंजायमान रहा।
स्थान-स्थान पर हुआ भव्य स्वागत
रैली मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न चौराहों पर शहरवासियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा ट्रैक्टर रैली का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान समाजजनों एवं किसानों में अभूतपूर्व उत्साह और धार्मिक माहौल देखने को मिला।
पूजन कर मांगी सुख-समृद्धि
विधायक सभागृह पहुँचकर समाजजनों ने भगवान बलराम जी का पूरे विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उपस्थित किसानों और धाकड़ समाज के वरिष्ठजनों ने भगवान बलराम से क्षेत्र में अच्छी फसल, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
रैली में धाकड़ समाज के वरिष्ठ जन, युवा और बड़ी संख्या में किसान प्रतिनिधि शामिल रहे।
