
सी.टी. स्कैन सेवा के सुचारू संचालन के लिए स्वशासी निधि से होगी नियुक्ति
रतलाम 3 सितंबर 2026/ शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय रतलाम से संबद्ध चिकित्सालय में सी.टी. स्कैन मशीन स्थापित हो चुकी है तथा इसका संचालन शीघ्र प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है। सी.टी. स्कैन सेवा के सुचारू एवं निर्बाध संचालन के लिए रेडियोग्राफिक टेक्नीशियन/रेडियोग्राफर (सी.टी. स्कैन हेतु) के 03 मानव संसाधन को आउटसोर्स के माध्यम से रखे जाने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
विभागाध्यक्ष, रेडियोडायग्नोसिस विभाग द्वारा सी.टी. स्कैन मशीन के संचालन के लिए आवश्यक मानव संसाधन की मांग की गई है। नियमित पदों पर भर्ती/नियुक्ति होने तक सी.टी. स्कैन सेवा को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से 03 रेडियोग्राफिक टेक्नीशियन/रेडियोग्राफर को कुशल श्रेणी में महाविद्यालय की स्वशासी निधि से आउटसोर्स के माध्यम से रखा जाएगा।
न्यूनतम पात्रता एवं आवश्यक शर्तें
- शैक्षणिक योग्यता अनिवार्य:
अभ्यर्थी द्वारा मान्यता प्राप्त संस्था/विश्वविद्यालय/प्राधिकारी से रेडियोग्राफी, रेडियोग्राफिक टेक्नीशियन अथवा रेडियोग्राफर संबंधी डिप्लोमा, डिग्री अथवा मान्य प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम (Certificate Course) उत्तीर्ण किया होना अनिवार्य है। - मध्यप्रदेश पैरामेडिकल काउंसिल में पंजीयन अनिवार्य: अभ्यर्थी का मध्यप्रदेश पैरामेडिकल काउंसिल में वैध एवं जीवित पंजीयन होना अनिवार्य होगा।
- सी.टी. स्कैन का अनुभव वांछनीय:
अभ्यर्थी को सी.टी. स्कैन मशीन पर कार्य करने का अनुभव होना वांछनीय है। सी.टी. स्कैन संचालन का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उक्त कर्मचारियों के लिए प्रचलित दर के अनुसार 28,591 रुपये प्रति कर्मचारी प्रतिमाह व्यय होना प्रस्तावित है। इस व्यय का भुगतान शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय रतलाम की स्वशासी निधि से किया जाएगा।
विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय रतलाम में संपर्क कर सकते हैं।
