
रतलाम। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देशों पर आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग की टीमों ने जावरा और आलोट क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में ताबड़तोड़ दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध मदिरा और महुआ लहान जब्त किया है।
ग्रामीण इलाकों में दबिश, 5 मामले दर्ज
जिला आबकारी अधिकारी (DEO) विकास मंडलोई ने बताया कि अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विभाग ने कसारी, डेलवास, पनासिया और लसूडिया जंगली जैसे ग्रामीण व सीमावर्ती इलाकों में तलाशी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान मौके से 30 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब तथा 2 हजार किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क के तहत कुल 05 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
2 लाख से अधिक का माल जब्त, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
विभाग द्वारा जब्त की गई अवैध मदिरा और लहान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 3 हजार रुपये आंकी गई है। जब्त महुआ लहान को मौके पर ही नष्ट करने की कार्रवाई की गई। आबकारी अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की दंडात्मक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
