युवती का पीछा कर तेजाब फेंकने की धमकी देने वाला मनचला गिरफ्तार, पुलिस ने बाजार में निकाला जुलूस


​रतलाम। शहर के माणक चौक थाना क्षेत्र में बीते कई महीनों से एक युवती को परेशान करने और तेजाब फेंकने की धमकी देने के गंभीर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी अब्दुल रहमान को दबोच लिया और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से मुख्य बाजार में उसका जुलूस निकाला।


​3-4 महीनों से कर रहा था प्रताड़ित


​माणक चौक थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी पिछले 3 से 4 महीनों से संत नगर क्षेत्र की रहने वाली युवती का लगातार पीछा कर रहा था और उस पर फब्तियां कसता था। बुधवार दोपहर लगभग 1 बजे जब युवती भोजन के लिए जा रही थी, तब आरोपी और उसके साथियों ने स्कूटी से उसका रास्ता रोकने का प्रयास किया।


​पीड़िता की हिम्मत से बेनकाब हुआ आरोपी


​प्रताड़ना से तंग आकर युवती ने अदम्य साहस का परिचय दिया। उसने आरोपी की दुकान पर पहुंचकर आरोपियों का वीडियो बना लिया, जिसमें आरोपी का चेहरा और स्कूटी का नंबर स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गया। जब पीड़िता के पिता बीच-बचाव करने पहुंचे, तो बेखौफ बदमाशों ने उन्हें भी अपनी बेटी का चेहरा तेजाब से बिगाड़ने की धमकी दे डाली।


​सख्त कार्रवाई और जुलूस


​घटना के बाद भयभीत पीड़िता और उसके परिजनों ने माणक चौक थाने पहुंचकर नामजद शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और मुख्य आरोपी अब्दुल रहमान को गिरफ्तार कर लिया। अपराधियों के हौसले पस्त करने और आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए पुलिस आरोपी को सरेराह मुख्य बाजार में घुमाते हुए तस्दीक के लिए घटनास्थल पर ले गई। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
​पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में शामिल अन्य सह-आरोपियों की तलाश जारी है और किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

Website Design by

KAMAKSHI WEB

Contact : 9753910111

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!