
रतलाम। शहर के हनुमान ताल में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ 11वीं कक्षा के छात्र मंगल पिता गजेंद्र सिंह राजपूत की पानी में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुँची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद स्थानीय चार युवाओं ने हिम्मत दिखाते हुए ताल में छलांग लगाई और महज 5 मिनट में छात्र को बाहर निकाल लिया।
स्कूल में देर होने पर पहुँचे थे हनुमान ताल
मिली जानकारी के अनुसार, गुजराती स्कूल में पढ़ने वाला छात्र मंगल अपने 4 अन्य साथियों के साथ स्कूल के लिए निकला था। स्कूल में देरी होने के कारण पाँचों छात्र क्लास में जाने के बजाय हनुमान ताल पहुँच गए। यहाँ नहाते या पानी के पास रुकने के दौरान मंगल अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
दोस्तों ने बचाने का किया प्रयास
मंगल को डूबता देख उसके साथ मौजूद चारों दोस्तों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की और शोर मचाया, लेकिन तब तक मंगल पानी की गहराइयों में समा चुका था। घटना की खबर मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस तथा एसडीआरएफ (SDRF) टीम को सूचना दी गई।
SDRF को नहीं मिली सफलता, स्थानीय युवकों ने दिखाया साहस
सूचना पर पहुँची एसडीआरएफ की टीम ने तुरंत हनुमान ताल में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम करीब आधे घंटे तक पानी में मंगल की तलाश करती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद मौके पर मौजूद चार स्थानीय साहसी युवा पानी में कूदे और अपनी मशक्कत से मात्र 5 मिनट के भीतर मंगल को पानी से बाहर निकाल लाए।
छात्र को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
