
रतलाम (इंसाइड न्यूज इंडिया)। खाद्य सुरक्षा प्रशासन रतलाम की टीम ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जावरा क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने पिपलोदा रोड और हुसैन टेकरी रोड स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण कर सोयाबीन ऑयल, पनीर और गेहूं के आटे के नमूने लिए।
पदमना रेस्टोरेंट में मिलीं गंभीर कमियां, जारी होगा नोटिस
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पिपलोदा रोड (जावरा) स्थित पदमना रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में कार्यरत कर्मचारियों के आवश्यक मेडिकल प्रमाण पत्र और पेस्ट कंट्रोल प्रमाण पत्र मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए। इसके अलावा खाद्य लाइसेंस भी नियमानुसार डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित नहीं किया गया था।
गंभीर कमियों को देखते हुए विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत मौके से सोयाबीन ऑयल और पनीर के नमूने सील किए। पाई गई अनियमितताओं को लेकर रेस्टोरेंट संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।
न्यू बजरंग ढाबे से पनीर और आटे के सैंपल लिए
टीम ने हुसैन टेकरी रोड (जावरा) स्थित न्यू बजरंग ढाबा पर भी दबिश दी। निरीक्षण के समय प्रोपराइटर अनिल गणावा ढाबे का संचालन करते पाए गए। यहां भी खाद्य रजिस्ट्रेशन प्रदर्शित नहीं था और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट अनुपस्थित मिले।
कार्रवाई के दौरान टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत ढाबे से पनीर और गेहूं के आटे के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए चारों नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। भोपाल प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की सख्त वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के खाद्य व्यापारियों और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप का माहौल बना रहा।
