
— योगेश पवार
रतलाम के रेलवे कॉलोनी स्थित अरुणोदय बाल मंदिर स्कूल द्वारा अभिभावकों से स्कूल फीस के साथ-साथ अतिरिक्त पेनल्टी वसूले जाने का मामला सामने आया है. इस संबंध में एक अभिभावक ने 27 अक्टूबर 2026 को श्रीमान कलेक्टर महोदय, जिला रतलाम के समक्ष जन-सुनवाई शिविर में एक लिखित आवेदन प्रस्तुत कर न्याय की गुहार लगाई है.
आवेदक अभिभावक प्रवीण प्रजापति (निवासी – रतलाम) ने अपने आवेदन में बताया है कि उनका पुत्र दर्श प्रजापति इस सत्र में नर्सरी (सेक्शन बी) में नियमित छात्र के रूप में अध्ययनरत है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, माह जुलाई 2026 में जब उनसे तीन माह की एडवांस फीस 15 जुलाई के पश्चात जमा की गई, तब संस्था द्वारा 150 रुपये पेनल्टी के रूप में वसूले गए थे, जिसे अभिभावक ने बच्चे के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जमा कर दिया था.
आरोप है कि जब अभिभावक अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर माह की स्कूल फीस जमा कराने संस्था पहुंचे, तब उन्हें बताया गया कि 15 अक्टूबर के पहले फीस न आने पर प्रति हफ्ते 50 रुपये के हिसाब से पेनल्टी चुकानी होगी. अभिभावक ने निवेदन किया कि अभी अक्टूबर माह भी पूरा नहीं हुआ है और वह तीन महीनों की फीस एक साथ भर रहे हैं, किंतु संस्था प्रबंधक द्वारा उन्हें नियमों का हवाला देते हुए कहा गया कि यहां के नियम अनुसार 150 रुपये अतिरिक्त पेनल्टी जमा करानी ही होगी, अन्यथा बच्चे के भविष्य के बारे में सोचना पड़ेगा.
अभिभावक ने इसे स्कूल प्रबंधक की मनमानी और अभिभावकों का शोषण बताते हुए जिला प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है.
