BAMS छात्रा से दुष्कर्म व धर्म परिवर्तन का दबाव: पुलिस ने बड़वानी से सहपाठी को दबोचा


​रतलाम। शहर के एक प्रतिष्ठित आयुर्वेदिक कॉलेज की 20 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी सहपाठी को पड़ोसी जिले बड़वानी से हिरासत में ले लिया है।


​शास्त्री नगर में बनाया बंधक, अश्लील वीडियो किया रिकॉर्ड


​दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, 1 अगस्त की शाम आरोपी जुबेर (पिता अजित मंसूरी), निवासी ग्राम उमरिया पानी (बड़वानी), छात्रा को शास्त्री नगर स्थित एक मकान में ले गया। आरोप है कि वहाँ उसने कमरा बंद कर छात्रा को बंधक बनाया और दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने मोबाइल से पीड़िता का अश्लील वीडियो भी बना लिया।


​वीडियो वायरल कर दिया, तब परिजनों को मिली जानकारी


​वारदात के बाद आरोपी छात्रा पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी। डरी-सहमी छात्रा ने शुरुआत में चुप्पी साधे रखी, लेकिन आरोपी द्वारा वीडियो वायरल किए जाने के बाद उसने परिजनों को आपबीती बताई।


​इन धाराओं में केस दर्ज, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस


​स्टेशन रोड थाना पुलिस ने आरोपी जुबेर मंसूरी के खिलाफ दुष्कर्म, आईटी एक्ट और मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की संगीन धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को उसके गाँव से गिरफ्तार कर मोबाइल जब्त कर लिया है। अब घटना स्थल के मकान मालिक के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की जांच की जा रही है।

Website Design by

KAMAKSHI WEB

Contact : 9753910111

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!