पिकनिक बनी दर्दनाक: जावरा के स्कूली छात्र की डूबने से मौत, बचाने उतरे दो शिक्षकों की भी गई जान


​जावरा। पिकनिक मनाने गए एक स्कूली दल के साथ एक बड़ा दर्दनाक हादसा सामने आया है। जावरा स्थित त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के बच्चों और शिक्षकों का दल पिकनिक मनाने ‘पैराडाइज वैली’ वाटर स्पॉट पर गया था, जहां पानी में डूबने से 14 वर्षीय छात्र और उसे बचाने उतरे दो शिक्षकों की मौत हो गई।


​बचाने के चक्कर में हुआ हादसा


​प्रत्यक्षदर्शी/स्कूल प्रतिनिधि निरंजन राठौड़ के अनुसार, पिकनिक के दौरान छात्र घूम रहे थे, तभी 14 वर्षीय छात्र हर्षित पाटीदार का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गया। छात्र को डूबता देख उसे बचाने के लिए साथ मौजूद दो शिक्षक विजय सिंह और प्रिंस तुरंत पानी में कूद पड़े। बच्चे को जैसे-तैसे बाहर निकाला गया, लेकिन संतुलन बिगड़ने और पैर फिसलने के कारण दोनों शिक्षक भी पानी में डूब गए।


​डॉक्टर का बयान: मृत अवस्था में लाए गए थे तीनों


​रतलाम मेडिकल कॉलेज के आकस्मिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंदन द्विवेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पैराडाइज वैली से डूबने की समस्या को लेकर मरीज लाए गए थे। अस्पताल पहुँचने से पहले ही दो शिक्षकों और एक छात्र (कुल 3 लोगों) की मौत हो चुकी थी और उन्हें मृत अवस्था में लाया गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण डूबना ही बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक स्थिति का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।


​दो छात्राओं का चल रहा इलाज, स्थिति स्थिर


​घटना के दौरान दो अन्य छात्राएं भी इस हादसे से घबरा गई थीं और पानी की चपेट में आ गई थीं। डॉ. चंदन द्विवेदी ने बताया कि दोनों छात्राओं को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है और वर्तमान में उनकी स्थिति स्थिर है।


​सुरक्षा पर उठे सवाल


​हादसे के बाद स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बच्चे कम पानी वाले क्षेत्र से आगे चले गए थे, जिसके बाद यह हादसा हुआ। पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

Website Design by

KAMAKSHI WEB

Contact : 9753910111

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!