
करमदी रोड क्षेत्र की घटना: रात में रस्सी के सहारे छत से नीचे उतरने का प्रयास कर रही थी युवती
दलालों के जरिए 2.60 लाख रुपये में तय हुआ था रिश्ता, जांच में जुटी पुलिस
रतलाम। शहर के करमदी रोड क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप मच गया है। बिहार से शादी कर रतलाम लाई गई 23 वर्षीय युवती की शादी के महज पांचवें दिन ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती देर रात मकान की छत से रस्सी के सहारे नीचे उतरकर भागने/जाने की कोशिश कर रही थी, तभी संतुलन बिगड़ने से वह लगभग 25 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गई और मौके पर ही उसकी जान चली गई।
रस्सी के सहारे नीचे उतरने की कोशिश
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बिहार निवासी 23 वर्षीय युवती का विवाह हाल ही में रतलाम में हुआ था। शादी को अभी केवल पांच दिन ही बीते थे कि रात के अंधेरे में युवती ने घर की छत से रस्सी बांधकर नीचे उतरने का प्रयास किया। ऊंचाई अधिक होने के कारण वह सीधे जमीन पर आ गिरी। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
2.60 लाख रुपये में दलालों के माध्यम से हुई थी शादी
मामले में लुटेरी दुल्हन या दलाल गिरोह से जुड़े तार होने की आशंका भी जताई जा रही है। शुरुआती जांच और चर्चाओं के अनुसार, यह विवाह दलालों के माध्यम से 2.60 लाख रुपये का लेन-देन कर तय कराया गया था। युवती के इस तरह आधी रात को रस्सी के सहारे निकलने के प्रयास ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। दलालों की भूमिका, शादी कराने वाले बिचौलियों और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
