
रतलाम की स्टेशन रोड थाना पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
अस्पताल परिसर से चोरी हुई थीं दो बाइक
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 की रात जिला अस्पताल परिसर से शाहिद खां (काजीपुरा) और भोला वसुनिया (बिलपांक) की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिलें (MP43DT1361 व MP43ZB1315) चोरी हो गई थीं। फरियादियों की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुनेन्द्रकांत गौतम के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने विष्णु खाती (41) और बिलास कछावा (59), दोनों निवासी कुकड़ेश्वर (जिला नीमच) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अस्पताल से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। इसके साथ ही, आरोपियों की निशानदेही पर मध्य प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से चुराई गई 9 अन्य मोटरसाइकिलें (कुल 10 बाइक) भी जब्त की गईं।
एक आरोपी पर दर्ज हैं 12 से अधिक मामले
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विष्णु खाती के खिलाफ अलग-अलग थानों में चोरी के 12 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेन्द्रकांत गौतम, उपनिरीक्षक मो. यूनुस खान, प्र.आर. देवीलाल गुर्जर, आर. रितेश यादव, आर. धीरेन्द्र गोखले, आर. हरिकिशन सहित नीमच पुलिस (थाना कुकड़ेश्वर व मनासा) के जवानों की सराहनीय भूमिका रही।
