
जावरा/रतलाम। जावरा विधानसभा क्षेत्र के सिविल हॉस्पिटल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और बड़ी सफलता जुड़ी है। अस्पताल में अब रीकैनलाइजेशन (नसबंदी के बाद ट्यूब को फिर से जोड़ने) का सफल ऑपरेशन निःशुल्क उपलब्ध हो गया है। निजी अस्पतालों में इस ऑपरेशन के लिए जहाँ 1 से 2.5 लाख रुपये तक का भारी भरकम खर्च आता है, वहीं अब जावरा के सरकारी अस्पताल में यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त मिलेगी।
विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के निरंतर प्रयासों से अस्पताल में आधुनिक व जटिल स्वास्थ्य सेवाएं शुरू हो रही हैं। हाल ही में यहाँ कूल्हा प्रत्यारोपण (Hip Replacement) जैसी जटिल सर्जरी के बाद अब रीकैनलाइजेशन ऑपरेशन शुरू किए गए हैं।
दुधिया गाँव की पेपा बाई का हुआ सफल ऑपरेशन
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) रतलाम डॉ. किरण वाडिवा के मार्गदर्शन में अस्पताल प्रभारी डॉ. दीपक पालड़ीया एवं उनकी टीम ने बुधवार को एक महिला का सफल ऑपरेशन किया।
मीडिया प्रभारी शैलेंद्र कुमार दवे ने बताया कि ग्राम दुधिया की रहने वाली 30 वर्षीय पेपा बाई (पति राहुल प्रजापति) की दो बेटियां और एक बेटा था। बेटे का 8 महीने की उम्र में दुखद निधन हो गया था। बेटे के जन्म के समय महिला ने नसबंदी करवा ली थी, लेकिन बच्चे की असमय मृत्यु के बाद दंपत्ति को पुनः संतान की आस थी। डॉक्टरों की टीम ने महिला का सफल रीकैनलाइजेशन ऑपरेशन कर फिर से मां बनने की उम्मीद जगाई है।
अब तक 17 सफल ऑपरेशन, निजी खर्चों से मिली राहत
सिविल अस्पताल प्रभारी डॉ. दीपक पालड़ीया अब तक कुल 17 महिलाओं के रीकैनलाइजेशन ऑपरेशन कर चुके हैं। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
ऑपरेशन टीम का विशेष योगदान:
इस सफल ऑपरेशन में डॉ. अतुल मंडवारिया, डॉ. दिनेश पाटीदार, नर्सिंग ऑफिसर शिरोमणि मसीह तथा सहायक अनिल बैरागी व रितुराज सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
