बड़नगर: मामूली विवाद में नवविवाहिता को प्रताड़ित कर जहर देने का आरोप, पति सहित सास-ससुर गिरफ्तार


​
रिपोर्ट: नितिन पंड्या
​बड़नगर/भाटपचलाना। उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील अंतर्गत भाटपचलाना थाना क्षेत्र के ग्राम बरथून से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से मौत हो गई। मृतिका ने दम तोड़ने से पहले मजिस्ट्रेट को दिए बयान में पति पर मारपीट करने और जबरन सल्फास की गोली खिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज होने के मात्र दो घंटे के भीतर आरोपी पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।


​मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज हुए मरणासन्न बयान


​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीती 2 जून को बरथून निवासी नवविवाहिता प्रिया को गंभीर हालत में नागदा के जनसेवा अस्पताल ले जाया गया था, जहाँ से उसे उज्जैन के पाटीदार अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान स्थिति बिगड़ने पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और तहसीलदार के समक्ष प्रिया के मरणासन्न बयान (Dying Declaration) दर्ज किए गए। आरोप है कि प्रिया ने अपने अंतिम बयान में बताया कि उसके पति बालकदास बैरागी ने उसके साथ मारपीट की और जबरदस्ती उसे सल्फास खिला दिया। उपचार के दौरान 5 जून को प्रिया की मौत हो गई।


​मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना के आरोप


​प्रिया की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मृतिका के परिजनों और मायके पक्ष के बयानों के आधार पर पुलिस ने बताया कि शादी के बाद से ही पति बालकदास, ससुर प्रहलाददास और सास राजूबाई छोटी-छोटी घरेलू बातों को लेकर प्रिया को कथित तौर पर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। घटना के दिन भी उनके बीच विवाद होने की बात सामने आई है।


​BNS की धाराओं में मामला दर्ज, आरोपी भेजे गए जेल


​थाना प्रभारी सतेन्द्र सिंह चौधरी के अनुसार, पुलिस ने बयानों और साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) व अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। खाचरौद एसडीओपी आकांक्षा बेछोटे एवं थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने त्वरित घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी पति का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।


​इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी सतेन्द्र सिंह चौधरी, सउनि वरसिंह चरपोटा, प्रधान आरक्षक राकेश मालवीय, विजय व्यास और आरक्षक रवि बैरागी सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Website Design by

KAMAKSHI WEB

Contact : 9753910111

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!