भोपाल लाठीचार्ज का रतलाम में विरोध: GMC के इंटर्न्स डॉक्टरों का प्रदर्शन, दो महीने का रुका मानदेय जारी करने की मांग


​रतलाम। भोपाल में जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे मेडिकल इंटर्न्स पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और वाटर कैनन के प्रयोग के विरोध में मंगलवार को शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय (GMC) रतलाम के इंटर्न्स डॉक्टरों ने विरोध दर्ज कराया। भोपाल के सहकर्मियों का समर्थन करते हुए डॉक्टरों ने काम का बहिष्कार कर हड़ताल शुरू कर दी है।


​OPD सेवा प्रभावित, लेकिन आपातकालीन सेवाएं जारी


मंगलवार सुबह करीब 9 बजे इंटर्न्स डॉक्टर GMC रतलाम के गेट नंबर 1 पर जमा हुए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। विरोध दर्ज कराने के लिए सुबह कुछ देर के लिए OPD के गेट बंद रखे गए, हालांकि मरीजों को परेशानी न हो और आपातकालीन स्थितियों (Emergency Cases) का ध्यान रखते हुए संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द ही OPD सेवाएं बहाल कर दी गईं। इसके बाद डॉक्टर परिसर में एकत्र होकर प्रदर्शन करते रहे।


​2 महीने से अटका है स्टाइपेंड


प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि वे दिन-रात सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन पिछले दो महीनों से उनका स्टाइपेंड (मानदेय) रुका हुआ है। मानदेय न मिलने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक और मानसिक तनाव से गुजरना पड़ रहा है।


​प्रमुख मांगें:


​भोपाल में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो।
​पिछले दो माह का रुका हुआ मानदेय (स्टाइपेंड) तुरंत जारी किया जाए।


​डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि उनका मकसद मरीजों को परेशान करना नहीं है, बल्कि वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी जायज मांगें सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं।

Website Design by

KAMAKSHI WEB

Contact : 9753910111

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!