
रतलाम। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर आज महाअष्टमी के अवसर पर रतलाम के सुप्रसिद्ध और प्राचीन कालिका माता मंदिर में भक्ति का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। आज अष्टमी के विशेष हवन का आयोजन किया गया, जो मंत्रोच्चार और पूर्ण आहुति के साथ विधि-विधान से संपन्न हुआ।
भक्तिमय हुआ वातावरण:

मंदिर के पुजारी और विद्वान पंडितों के सानिध्य में संपन्न हुए इस हवन में बड़ी संख्या में भक्तों ने आहुतियां दीं। जैसे ही ‘स्वाहा’ के साथ पूर्ण आहुति दी गई, पूरा मंदिर परिसर “जय माता दी” और “कालिका माता की जय” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। धूप और हवन की खुशबू से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक और भक्तिमय हो गया।
भक्तों की अटूट आस्था:
मान्यता है कि कालिका माता मंदिर रतलाम की रक्षा और खुशहाली का केंद्र है। नवरात्रि के दौरान यहाँ दर्शन का विशेष महत्व है। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि हर भक्त मां के दर्शन और हवन का लाभ ले सके।
