
रतलाम:
शहर के चांदनी चौक से बाजना बस स्टैंड तक बन रहे सिटी फोरलेन के निर्माण कार्य में हो रही अत्यधिक देरी से गुस्साए व्यापारियों ने बुधवार सुबह अपना व्यवसाय पूरी तरह बंद रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
निगम आयुक्त का घेराव और नारेबाजी
हंगामा बढ़ने की सूचना मिलते ही नगर निगम आयुक्त मौके पर पहुंचे, लेकिन आक्रोशित भीड़ ने उन्हें घेर लिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि आयुक्त नाराज होकर मौके से लौटने लगे, जिसे देख व्यापारियों ने उनका रास्ता रोककर फिर से घेराव कर लिया।
58 दिनों में कार्य पूरा करने का लिखित आश्वासन
व्यापारियों के कड़े रुख को देखते हुए अंततः अधिकारियों को झुकना पड़ा। मौके पर मौजूद सिटी इंजीनियर से 58 दिनों के भीतर फोरलेन का निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करने का लिखित आश्वासन लिया गया, जिस पर अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए।
लिखित आश्वासन के बाद भी धरना जारी
प्रशासन द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बावजूद लोग संतुष्ट नहीं हुए। व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बार-बार तारीखें मिलने के बावजूद काम समय पर पूरा नहीं होता, जिससे उनका व्यापार ठप हो गया है और आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस मांग को लेकर व्यापारी और नागरिक धरने पर बैठे हुए हैं।
