आलोट में महिला पटवारी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी; तलाश में जुटीं टीमें


​आलोट/रतलाम:
रतलाम जिले की आलोट तहसील में पदस्थ एक 30 वर्षीय महिला पटवारी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। परिजनों की शिकायत पर आलोट थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


​बैठक के बाद से बंद आ रहा फोन


जानकारी के अनुसार, बड़वानी की रहने वाली महिला पटवारी दीपिका झीरले आलोट की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराए के मकान में रहती हैं। सोमवार शाम को वे स्थानीय स्तर पर एक प्रशासनिक बैठक में शामिल हुई थीं, जिसके बाद अपने निवास पहुंचीं। देर रात तक जब उनसे संपर्क नहीं हो पाया और मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आता रहा, तो साथ रहने वाली अन्य पटवारी व परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों ने तुरंत आलोट पहुंचकर पुलिस को सूचित किया।


​पुलिस का आधिकारिक बयान


मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) विवेक कुमार लाल ने बताया:
​”यह हमारे आलोट डिवीजन का मामला है। परिजनों ने सूचना दी थी कि उनकी बेटी, जो पटवारी हैं, गुम हो गई हैं। इसके आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। परिजनों ने जिन संदेहियों या संदिग्ध पहलुओं की जानकारी दी है, उस दिशा में पुलिस टीमों को रवाना कर दिया गया है। महिला पटवारी के दस्तयाब होने और उनके बयानों के आधार पर ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”


​तलाश में जुटीं पुलिस टीमें


पुलिस प्रशासन के अनुसार मामला संवेदनशील होने के कारण सभी पहलुओं और संभावित ठिकानों पर जांच की जा रही है। परिजनों और परिचितों के बयानों के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर पुलिस टीमें भेजी गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला पटवारी के मिलते ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Website Design by

KAMAKSHI WEB

Contact : 9753910111

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!