
रतलाम। जिले में मिलावटखोरों पर अंकुश लगाने और आम जनता को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देशों के परिपालन में रतलाम और जावरा के बड़े होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर विशेष जांच अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
रतलाम: समता सागर और सेंट्रल बालाजी में दबिश
खाद्य सुरक्षा टीम ने रतलाम शहर स्थित समता सागर होटल का औचक निरीक्षण किया। यहाँ से जांच हेतु पनीर, काबुली चना और रेड चेरी के नमूने सील किए गए। इसके बाद सैलाना रोड स्थित होटल सेंट्रल बालाजी की जांच की गई, जहाँ से चपाती पर लगाए जाने वाले बटर (मक्खन) का सैंपल लिया गया। टीम ने मौके पर किचन में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव को लेकर सख्त निर्देश दिए।
जावरा: ढाबों और होटलों से दही, पनीर व तेल के नमूने
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल के नेतृत्व में जावरा स्थित ‘न्यू जैन ढाबा’ (भूतड़ा टोल नाके के पास) पर कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान प्रभारी प्रकाश (पिता प्रेमनाथ सिद्ध) फर्म का संचालन करते मिले। मिलावट की शंका के आधार पर यहाँ से दही का नमूना लिया गया। इसके साथ ही संचालक को खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित करने, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट प्रस्तुत करने तथा परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए।
वहीं, रूपनगर फंटा (जावरा) स्थित होटल ‘श्री रमैया पैलेस’ पर कार्रवाई करते हुए प्रोपराइटर दीपक राठौर से पनीर एवं रिफाइंड सोयाबीन तेल के सैंपल एकत्रित किए गए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान एकत्र किए गए सभी खाद्य पदार्थों के नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, भोपाल से लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावट रोधी यह निरीक्षण अभियान जिले में आगे भी लगातार जारी रहेगा।
