
रतलाम। जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने रतलाम शहर सहित रावटी और ताल में ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से घी, पनीर और चाय के सैंपल लेकर करीब 1630 किलोग्राम संदेहास्पद सामग्री जब्त की गई है।
दिल्ली से आए ‘पूजा घी’ पर रोक
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश गुप्ता ने रतलाम स्थित ‘जैन प्रोडक्ट’ पर दबिश देकर ‘तेज चार धाम पूजा घी’ का सैंपल लिया। संचालक ने बताया कि यह अखाद्य घी दिल्ली से बनवाकर केवल पूजा के नाम पर थोक में बेचा जाता था। मौके से 4.50 लाख रुपये कीमत का 1488 लीटर पूजा घी जब्त कर इसके विक्रय पर तुरंत रोक लगा दी गई है। इसके अलावा रतलाम के ‘स्वस्तिक टी डिपो’ से अरिहंत घी, मधुसूदन घी और चाय के सैंपल लिए गए।
ताल और रावटी में भी हुई कार्रवाई
- ताल: खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा ने ‘राठौर दूध डेयरी’ से 12 किलो मिलावटी पनीर (कीमत 3,360 रुपये) जब्त किया।
- रावटी: ‘आरजी किराना’ से 15 किलो वास्तु घी (कीमत 9,000 रुपये), ‘सिद्धार्थ ट्रेडर्स’ से 43 किलो पुराश्यौर देसी घी (कीमत 27,000 रुपये) और ‘श्री कृष्ण डेयरी’ से 75 किलो श्री रत्नागिरी घी (कीमत 31,000 रुपये) जब्त कर सैंपल लिए गए।
जांच के लिए भोपाल भेजे गए सैंपल
विभाग द्वारा जब्त सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
