खाद्य सुरक्षा टीम का बड़ा एक्शन: पिपलौदा और सैलाना क्षेत्र के डेयरी केंद्रों से दूध व घी के सैंपल जब्त, जांच के लिए भोपाल भेजे


​रतलाम। आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल के निर्देशानुसार दूध एवं दुग्ध पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा एवं प्रीति मंडोरिया की टीम ने पिपलौदा और सैलाना क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर विभिन्न दुग्ध केंद्रों से सैंपल एकत्र किए।
​खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा पिपलौदा क्षेत्र स्थित दूध चिलिंग केंद्रों और संग्रहण केंद्रों की गहन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने निम्नलिखित स्थानों से नमूने लिए:


​ग्राम नांदलेटा: श्री गणेश दूध संग्रहण केंद्र से मिक्स्ड दूध का नमूना लिया गया।
​ग्राम शेरपुर: माँ आशापुरा दूध संग्रहण केंद्र से मिक्स्ड दूध एवं शुद्ध घी के नमूने जब्त किए गए।
​ग्राम ऊपरवाड़ा: राधे डेयरी फॉर्म से मिक्स्ड दूध और घी के सैंपल लिए गए।
​ग्राम सकरावदा: श्री कृष्णा दूध डेयरी से मिक्स्ड दूध का नमूना लिया गया।
​सैलाना: श्री बालाजी दूध संग्रहण केंद्र से मिक्स्ड दूध का नमूना लिया गया।


​क्या होगी आगे की कार्रवाई?


खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान लिए गए सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमों के अनुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


​इस कार्रवाई से क्षेत्र के डेयरी संचालकों और मिलावटखोरों में हड़कंप का माहौल है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम जनता को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी।

Website Design by

KAMAKSHI WEB

Contact : 9753910111

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!