नाहरपुरा में बड़ी कार्रवाई: जगदीश रेडियो रिपेयरिंग की दुकान और गोडाउन से जब्त हुआ 4 ट्रॉली इलेक्ट्रॉनिक कचरा (अटाला)


​रतलाम। शहर के व्यस्ततम नाहरपुरा क्षेत्र में आज शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर निगम और प्रशासन की टीम ने एक दुकान पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक स्क्रैप (अटाला) जब्त किया।


​जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे नाहरपुरा स्थित ‘जगदीश रेडियो रिपेयरिंग’ की दुकान पर यह कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि दुकान संचालक ने अपनी दुकान और उसके अंदर बने गोडाउन में लंबे समय से भारी मात्रा में अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक सामान और कबाड़ ठसाठस भर रखा था। टीम ने जब मौके पर पहुंचकर मुआयना किया, तो पूरी दुकान अंदर तक अटाले से पटी मिली। इसके बाद टीम ने कार्रवाई शुरू की और मौके से करीब 4 ट्रॉली इलेक्ट्रॉनिक अटाला जब्त किया।
​दुकान और गोडाउन में पैर रखने की जगह नहीं, कचरा निकालने में छूटे पसीने


​ दुकान के शटर के भीतर छत तक सिर्फ और सिर्फ कबाड़, डिब्बे और पुराना इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट भरा हुआ था। गोडाउन और दुकान के भीतर कबाड़ इस कदर जमा था कि वहां पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी। प्रशासन की टीम को इस पूरे अटाले को दुकान से बाहर निकलवाने और ट्रॉलियों में लोड करवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई कर्मचारी लगातार डिब्बे और इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट बाहर निकालते नजर आए।


​बाजार में मचा हड़कंप


​व्यस्ततम समय में हुई इस अचानक कार्रवाई से नाहरपुरा के व्यावसायिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट को क्रेन और ट्रॉलियों में लोड कर ले जाया गया। रिहायशी और कमर्शियल हब के बीच इस तरह भारी मात्रा में ज्वलनशील और पुराना इलेक्ट्रॉनिक कचरा (E-Waste) स्टॉक करके रखना सुरक्षा के लिहाज से भी खतरनाक माना जा रहा है।


​ व्यावसायिक क्षेत्रों में दुकानों या गोडाउन के भीतर क्षमता से अधिक और बेतरतीब ढंग से इलेक्ट्रॉनिक कचरा जमा करना किसी बड़ी दुर्घटना या शॉर्ट सर्किट की स्थिति में आगजनी का सबब बन सकता है। प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि नियमों को ताक पर रखकर रिहायशी और व्यापारिक इलाकों को कबाड़खाना बनाने वालों पर अब सख्ती शुरू हो चुकी है।

Website Design by

KAMAKSHI WEB

Contact : 9753910111

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!