
रतलाम। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, एएसपी विवेक कुमार व सीएसपी सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में माणकचौक थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी की एक वारदात का चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी गया शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया है।
दुकान से गायब हुआ था झोला
जानकारी के अनुसार, दिनांक 9 जून 2026 को बिलपांक क्षेत्र के ग्राम पग्गीपाड़ा की रहने वाली फरियादिया सोना पग्गी अपनी माता और काकी के साथ रतलाम आभूषण खरीदने आई थी। उसने अपना टूटा हुआ सोने का मंगलसूत्र गुथवाकर एक झोले में रखा था। इसके बाद जब वह चौमुखी पुल के पास रामगढ़ रोड स्थित एक साड़ी दुकान पर खरीदारी कर रही थी, तभी अज्ञात बदमाश ने उसका झोला पार कर दिया। झोले में करीब ₹70,000 कीमत का सोने का मंगलसूत्र (21 मोती और पेंडल सहित) था। फरियादिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़ाया आरोपी
थाना प्रभारी माणकचौक निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सायबर सेल व मुखबिर तंत्र की मदद ली। संदेही संजय पिता तेजराम गणावा (उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम शिवपुर, बिलपांक) को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ₹70 हजार कीमत का पूरा मंगलसूत्र बरामद कर लिया है।
