
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में मंगलवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन करना और छूटे हुए पात्र व युवा मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करना था।
बैठक में भाजपा, कांग्रेस, आप, सीपीआई और बसपा के प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) के माध्यम से इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें।
मुख्य बिंदु:
फॉर्म-6 से होगा पंजीयन: नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ अलग से घोषणा-पत्र (डिक्लेरेशन फॉर्म) देने की आवश्यकता नहीं है।
विशेष अभियान: प्रदेश के सभी जिलों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें तहसील स्तर पर एसडीएम/तहसीलदार और जिला स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी नागरिकों को मार्गदर्शन व सहायता प्रदान कर रहे हैं।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री आर.पी.एस. जादौन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
