
रतलाम। शहर के प्रसिद्ध दोबत्ती चौपाटी क्षेत्र में नगर निगम और गुमटी धारियों के बीच पिछले कई दिनों से चल रहा विवाद आखिरकार बड़े टकराव में बदल गया। नगर निगम द्वारा पूर्व में दिए गए अल्टीमेटम के बाद भी जब जगह खाली नहीं हुई, तो निगम का अमला जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचा और गुमटियों को हटाकर खुदाई शुरू करवा दी।
दिनों से चल रहा था धरना-प्रदर्शन
उल्लेखनीय है कि नगर निगम प्रशासन ने गुमटी संचालकों को पहले ही चौपाटी क्षेत्र से हटने के निर्देश दिए थे। इसके विरोध में व्यापारी और गुमटी धारी पिछले कई दिनों से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे थे और निगम प्रशासन के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए थे।
जेसीबी पहुंचते ही बढ़ा तनाव
कई दिनों के धरने और विरोध के बावजूद जब नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची, तो वहां हंगामा खड़ा हो गया। कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में व्यापारी जेसीबी के सामने आ गए और विरोध जताने लगे। इस दौरान दुकानदारों और निगम कर्मियों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक हुई।
रोजी-रोटी के संकट का हवाला
व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से धरना देने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई और अचानक इस तरह की कार्रवाई से उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। खुदाई के कारण चौपाटी पर मलबे का ढेर लग गया है और पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। व्यापारी अब भी प्रशासन से उचित विकल्प और समाधान की मांग कर रहे हैं।
