
रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक अंतर-विभागीय समीक्षा बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर खेल अधिकारी, आबकारी अधिकारी और पेंशन अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन विभागों का प्रदर्शन खराब रहेगा, उनकी हर शनिवार दोपहर 2 बजे विशेष समीक्षा बैठक ली जाएगी, जिसमें संबंधित एसडीएम और तहसीलदार भी मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा, राशन वितरण व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को हर माह कुल उठाव और वितरण का डेटा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों में राशन का समय पर वितरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन और अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
