
रतलाम। शहर को अतिक्रमण मुक्त और साफ-सुथरा बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद, अमले ने भारी पुलिस बल के साथ वेदव्यास कॉलोनी पहुंचकर कुख्यात ‘लच्छू कबाड़ी’ के कबाड़खाने पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की और भारी मात्रा में फैलाया गया कबाड़ जब्त कर रास्ता साफ कराया।
जेसीबी से हटाया गया कबाड़, मौके पर मचा हड़कंप
कार्रवाई के दौरान नगर निगम का अमला जेसीबी (बुलडोज़र) और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ मौके पर पहुंचा। लच्छू कबाड़ी द्वारा कॉलोनी के खुले रास्तों और सार्वजनिक जगहों पर अवैध रूप से कबाड़, प्लास्टिक के ड्रम, पुरानी कुर्सियां, गाड़ियों के टायर और इलेक्ट्रॉनिक कचरा फैला रखा था, जिससे पूरी कॉलोनी डंपिंग यार्ड में तब्दील हो चुकी थी। प्रशासन की टीम ने बिना कोई मौका दिए कबाड़ को गाड़ियों में भरना शुरू किया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
रहवासी थे परेशान, कचरे की आड़ में पनप रही थीं समस्याएं
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस अवैध कबाड़खाने की वजह से पूरी कॉलोनी का माहौल खराब हो रहा था। रास्तों पर कबाड़ फैले होने से आए दिन जाम की स्थिति बनती थी और गंदगी के कारण बीमारियां फैलने का खतरा मंडरा रहा था। कई बार शिकायत करने के बाद भी कबाड़ी द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा था, जिसके बाद आज प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया।
भारी अमला रहा मौजूद
कार्रवाई के दौरान जिला प्रशासन के प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम के स्वास्थ्य और अतिक्रमण विरोधी दस्ते के प्रभारी सहित पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े। अधिकारियों का साफ कहना है कि शहर में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण या रिहायशी इलाकों में व्यावसायिक कबाड़खाने बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। आने वाले दिनों में ऐसी अन्य जगहों पर भी कार्रवाई जारी रहेगी।
