रतलाम पुलिस की बड़ी कामयाबी: सर्राफा बाजार में डकैती की साजिश नाकाम, घातक हथियारों के साथ अंतरराज्यीय पारदी गैंग के 6 शातिर गिरफ्तार


​रतलाम। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चांदनी चौक सर्राफा बाजार में डकैती डालने की एक बड़ी और खौफनाक साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने पंचपीर दरगाह (उंकाला रोड) के पास घेराबंदी कर एक कुख्यात अंतरराज्यीय पारदी गैंग के 6 बदमाशों को रंगे हाथों दबोचा। इनके पास से तलवार, फालिया, गुप्ती और हाइड्रोलिक कटर जैसे घातक हथियार बरामद हुए हैं।


​मुखबिर की सूचना पर रात में एक्शन


​एसपी अमित कुमार एवं एएसपी विवेक कुमार के निर्देशन व सीएसपी सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह जादौन के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने देर रात पंचपीर दरगाह के पास दबिश देकर डकैती की योजना बना रहे बदमाशों को दबोच लिया।


​बुरहानपुर डकैती का इनामी आरोपी भी चढ़ा हत्थे


​पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। इनमें से एक आरोपी प्रभात (निवासी रायसेन), नेपानगर (बुरहानपुर) की एक बड़ी डकैती का फरार इनामी बदमाश है। गैंग के कई सदस्यों के खिलाफ पहले से ही स्थाई वारंट जारी थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ बीएनएस की धारा 310(4), 310(5) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।


​रेकी करने वाला स्थानीय आरोपी फरार


​इस वारदात के लिए रतलाम सर्राफा बाजार की रेकी करने वाला बजरंग नगर (रतलाम) के पारदी डेरे का मुख्य आरोपी दिनेश हांडा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


​ये आरोपी हुए गिरफ्तार:


​कैलाश पारदी (56 वर्ष) – अशोकनगर
​मेहरसिंह उर्फ नेहरिया (60 वर्ष) – रायसेन
​नामेश उर्फ सोल्जर (20 वर्ष) – रायसेन
​प्रभात उर्फ चेतन (27 वर्ष) – रायसेन (इनामी बदमाश)
​निखिल पारदी (19 वर्ष) – नागदा (मूल निवासी गुना)
​वजूद उर्फ अंगद (29 वर्ष) – अशोकनगर
​जप्त सामग्री: एक तलवार, फालिया, लोहे की रॉडनुमा गुप्ती, टॉमी, हाइड्रोलिक कटर, गुलेल, पाने-पेचकस और डंडा।


​सराहनीय भूमिका: इस बड़ी सफलता में थाना प्रभारी जितेन्द्रसिंह जादौन, उपनिरीक्षक जितेन्द्रसिंह कनेश, विजयसिंह बामनियाँ, प्रधान आरक्षक हेमन्त परमार, मुकेशसिंह चौहान, विजय मीणा और आरक्षक दीपक मकवाना, ललित वर्मा, गोपाल आंजना, हरिकिशन पंवार, लखनसिंह, विरेन्द्र सोनी व लोमेश शर्मा की मुख्य भूमिका रही।

Website Design by

KAMAKSHI WEB

Contact : 9753910111

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!