
रतलाम। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय रतलाम में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। एसपी अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित इस जनसुनवाई में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 65 आवेदक अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिन्हें अधिकारियों द्वारा बेहद गंभीरता से सुना गया।
जनसुनवाई के दौरान एसपी अमित कुमार, एएसपी (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल और एएसपी (शहर) राकेश पन्द्रो ने नए आवेदनों पर तत्काल एक्शन लेने के निर्देश दिए। साथ ही पुराने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित थाना प्रभारियों से अब तक की कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी।
थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश
आवेदकों को दें फीडबैक: की गई कार्रवाई से शिकायतकर्ताओं को अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए।त्वरित और पारदर्शी समाधान: एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी निराकरण करना है।
मौके पर निपटारा: थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे शिकायतों को गंभीरता से लें और यथासंभव मौके पर ही जांच कर उनका निराकरण करें।
इस दौरान जनसुनवाई में निरीक्षक गायत्री सोनी, निरीक्षक रेखा चौधरी और उप निरीक्षक राजश्री सिसोदिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। रतलाम पुलिस द्वारा आमजन को त्वरित न्याय और सहायता दिलाने के लिए यह जनसुनवाई प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
