
रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में सूर्यदेव के तल्ख तेवरों ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण लू (Heat Wave) को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने कलेक्टर के निर्देशानुसार स्कूलों की छुट्टियों का दायरा बढ़ाते हुए अब कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित कर दिया है।
भीषण लू और 44 डिग्री तापमान बना कारण
जारी संशोधित आदेश के अनुसार, जिले का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। गर्म हवाओं (Heat Wave) के कारण स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की प्रबल संभावना थी। इसी को ध्यान में रखते हुए पूर्व में जारी आदेश (जो कक्षा 5वीं तक सीमित था) में संशोधन किया गया है।
इन कक्षाओं पर लागू होगा आदेश
नर्सरी से कक्षा 8वीं तक: जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय (निजी), अनुदान प्राप्त और केंद्रीय विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
शिक्षकों के लिए निर्देश: विद्यार्थियों के लिए छुट्टी रहेगी, लेकिन शिक्षक और विद्यालयीन स्टाफ को स्कूल में उपस्थित रहकर कार्यालयीन कार्यों का संपादन करना होगा।
तत्काल प्रभाव से लागू
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से पूरे रतलाम जिले में लागू हो गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय छात्रों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। अभिभावकों ने भी बढ़ती गर्मी के बीच प्रशासन के इस फैसले का स्वागत किया है।
